पंकज दाऊद @ बीजापुर। यहां से 22 किमी दूर गंगालूर में छात्रावास में अध्ययनरत छात्र संतोष हेमला (13) की जेपेनिस इनसेफेलाइटिस फीवर से मौत हो गई। इस केस से सकते में आई मेडिकल टीम ने दो दिनों से गंगालूर में डेरा डाला है और वहां संदिग्ध लोगों का परीक्षण किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक संतोष हेमला को पिछले सप्ताह बुखार हुआ था। बुखार नहीं उतरने पर उसे जिला हॉस्पिटल लाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल डिमरापाल भेजा गया, जहां उसे जापानी ज्वर होने की पुष्टि हुई। यहां जिला हॉस्पिटल में इस रोग को डिटेक्ट करने के साधन नहीं है और इस वजह से उसे डिमरापाल रेफर किया गया था।
उपचार के दौरान 16 अक्टूबर की शाम संतोष की मौत हो गई। 17 अक्टूबर को गंगालूर में उसका अंतिम संस्कार किया गया। सीएमएचओ डॉ बीआर पुजारी के मुताबिक इस बात की पूरा अनुमान है कि गंगालूर में ये ज्वर बगुले के संक्रमण से आए हैं। दरअसल, संक्रमित बगुले में जेपेनिस इनसेफेलाइटिस वायरस होता है। ये खास मच्छर के काटने से इससे मनुष्य में आ जाता है।
डॉ पुजारी ने बताया कि सूअर से भी ये बीमारी इसी तरह मनुष्य में आती है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले कुआकोण्डा में भी जापानी बुखार से एक मौत हुई थी। पिछले साल इसी सीजन में उसूर ब्लॉक के पेदागेलूर में भी तीन केस जापानी बुखार के मिले थे। उन्होंने बताया कि जिला टीकाकरण अधिकारी एवं बीएमओ डॉ पी विजय के साथ एक मेडिकल टीम गंगालूर भेजी गई है। अभी जापानी बुखार फेलने का सीजन है और इस वजह से सतर्कता बरती जा रही है।
Read More : छबिन्द्र कर्मा ने आखिर क्यों किया अपनी मां के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला... सुनिए , खुद उन्हीं की जुबानी!


एक टिप्पणी भेजें