पंकज दाऊद @ बीजापुर। आम चुनाव में 11 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के लिए सभी 245 दलों ने रविवार को कलेक्टोरेट में आमद दे दी। इनमें से 40 दलों को हेलीकॉप्टर और 10 दलों को सोमवार की सुबह सड़क मार्ग से रवाना किया जाएगा। आला अफसरों ने मतदान कर्मियों को चेताया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी की तो वे नप जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक रविवार की सुबह से ही कर्मचारी कलेक्टोरेट पहुंच अपनी हाजिरी दे रहे हैं। सभी कर्मी पहुंच गए हैं। 50 दलों को मतदान सामग्री दे दी गई है। इनमें से 40 दल सोमवार की सुबह पांच बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। इसके बाद 10 टीमों को सड़क मार्ग से भेजा जाएगा। 9 अप्रैल को 45 दलों को हेलीकॉप्टर से भेजा जाएगा।
नोडल अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि 9 अप्रैल को जाने वाले मतदान दलों को 8 अप्रैल को मतदान सामग्री दी जाएगी। इसी तरह 10 अप्रैल को रवाना होने वाले दलों को 9 अप्रैल को सामान दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी दल आ गए हैं।
इनके अलावा 182 रिजर्व दलों ने भी आमद दे दी है। कलेक्टर केडी कुंजाम एवं एसपी गोवर्धन ठाकुर ने रविवार की दोपहर एक बजे मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को फ्री और फेयर इलेक्शन के टिप्स दिए।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में एक कर्मचारी को नशे की हालत में हेलीकॉप्टर में चढ़ने के कारण निलंबित कर दिया गया था। इस बार भी अफसरों ने कर्मियों को नशापान से दूर रहने की हिदायत देते कार्रवाई के लिए चेताया है।
टेण्ट में डाला डेरा: कर्मचारियों के रहने सोने के लिए बड़े टेण्ट की व्यवस्था कलेक्टोरेट परिसर में की गई है और उन्हें कहीं भी जाने से मना किया गया है क्योंकि किसे कब कहां भेजा जाएगा, इसे कभी भी बताया जा सकता है। कर्मचारी अपना सामान लेकर आए हैं। कुछ कर्मियों ने खाने-पीने के सामान भी केन्द्र तक ले जाने की व्यवस्था कर रखी है।
















