न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। शुक्रवार 27 जुलाई को सदी का सबसे लंबा चंद्रग्रहण है। इस बार यह गुरू पूर्णिमा के अवसर पर पड़ रहा है। ऐसा संयोग 18 सालों बाद हो रहा है। इस बार का चंद्रग्रहण 5 महासंयोग लेकर आ रहा है। यह चंद्रग्रहण इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इस दिन कई ऐसा संयोग बन रहे हैं जो ज्योतिष की दृष्टि से बेहद खास हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले 16 जुलाई 2000 को गुरु पूर्णिमा के दिन ऐसा चंद्रग्रहण लगा था। 27 जुलाई को मध्यरात्रि में ग्रहण लगेगा जो इस सदी का सबसे लंबा ग्रहण होने जा रहा है। चंद्रग्रहण की कुल अवधि 3 घंटे 54 मिनट 33 सेकंड की होगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक दोपहर और मध्यरात्रि को लगने वाला ग्रहण शास्त्रानुसार सबसे प्रभावशाली और लंबा होता है।
जानिए राशियों पर कैसा रहेगा प्रभाव :
मकर :
मकर राशि में ही ग्रहण घटित होने के कारण विशेष सावधानी की जरूरत है। शारीरिक कष्ट, चोट-चपेट, आर्थिक हानि, मन में व्यथा आदि से परेशानी संभव है।
कुंभ :
कुंभ राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से दूसरी राशि है। परिवार से मतभेद, धन की हानि आदि होने की संभावना है।
मीन :
मीन राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से तीसरी राशि है। मित्रों का सहयोग, पराक्रम की वृद्धि, क्रीडा में युवाओं को आगे बढ़ने का मौका एवं विजय की प्राप्ति होगी।
मेष :
मेष राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से चौथी राशि है। अपने माता का ध्यान रखना चाहिए। किसी भी तरह के भूमि, भवन व वाहन का क्रय करते समय विशेष सावधानी रखें। सामान्य सुख में कमी हो सकती है।
वृष :
वृष राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से पांचवी राशि है। संतान को परेशानी हो सकती है। उच्च शिक्षा के लिए उत्सुक युवाओं को भी बाधा आने की संभावना है। किसी विशेष कार्य के निरस्त होने की आशंका है।
मिथुन :
मिथुन राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से छठी राशि है। शत्रुओं पर अंकुश लगेगा। कार्य क्षेत्र में तरक्की एवं विवादित मुकदमों में विजय के संकेत बन रहे हैं।
कर्क :
कर्क राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से सातवीं राशि है। पति/पत्नी के आपसी तालमेल में कमी। व्यवसायिक पार्टनर के साथ मनमुटाव एवं यात्रा से कष्ट संभव है।
सिंह :
सिंह राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से आठवीं राशि है। मन में व्यथा व्याप्त हो सकती है। पुराने रोगों से परेशानी बढ़ेगी। चानक चोट आदि से परेशानी हो सकती है।
कन्या :
कन्या राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से नौवीं राशि है। मान-सम्मान का खतरा उत्पन्न हो सकता है। धार्मिक कार्यों से मन विमुख होगा। पिता को परेशानी संभव है।
तुला :
तुला राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से दसवी राशि है। किसी विशेष कार्य के सफल होने से प्रसन्नता रहेगी। कार्य क्षेत्र में तरक्की व नए कार्य को प्रारंभ करने से लाभ मिलेगा।
वृश्चिक :
वृश्चिक राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से ग्यारहवी राशि है। पद, पदोन्नति, धन का लाभ, मित्रों का अनुग्रह, अनुभवी लोगों का साथ मिलने का योग।
धनु :
धनु राशि ग्रहण घटित होने वाली राशि से बारहवीं राशि है। स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए। शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। खर्च की अधिकता से मन परेशान होगा।