कोंडागांव @ खबर बस्तर। बस्तर के रास्ते लंबे अरसे से अंतरराज्यीय तस्कर गांजे की तस्करी कर रहे हैं। इनके हौसले इस कदर बुलंद हैं कि ये अब तस्करी के नए-नए तरीके भी ईजाद करने से नहीं चूक रहे। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सामने आया जब पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान एक एंबुलेंस की तलाशी ली तो वह भी हैरान रह गई।
दरअसल, इस एंबुलेंस में तस्कर गांजा भर कर ले जा रहे थे। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एंबुलेंस में बाकायदा एक मरीज को लिटाकर ऑक्सीजन सिलेंडर और ग्लूकोज तक लगा रखा था। पर वे पुलिस की मुस्तैद नजरों से बच नहीं सके। पुलिस ने मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 72 किलो गांजा बरामद किया गया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत ढ़ाई लाख रूपए आंकी गई है।
एसपी के मुताबिक गांजा तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक एंबुलेंस तैयार की और उसमें अपने ही एक साथी को मरीज बनाकर लिटा दिया था, ताकि पुलिस को उन पर शक ना हो सके। यह वाहन बेधड़क सभी पुलिस थानों से होती हुई गुजरी पर एंबुलेंस और उसमे मरीज को देखते हुए किसी ने भी इसकी जांच नहीं की। आखिरकार फरसगांव थाने के पास गाड़ियों की चेकिंग के दौरान ये गांजा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
एसपी डॉ. पल्लव ने बताया कि राजस्थान के रहने वाले तीनों ही आरोपी अंतरराज्यीय गांजा तस्कर हैं। ये आरोपी एंबुलेंस में मरीज की आड़ में ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र के वर्धा ले जाने की फिराक में थे, इसी दौरान पुलिस ने इन्हें धर-दबोचा। तीनों ही आरोपियों को नारकोटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांण्ड पर जेल भेजा गया है।
loading...


एक टिप्पणी भेजें