बीजापुर @ खबर बस्तर। उसूर ब्लाॅक की एंगपल्ली पंचायत में आने वाले गांव भट्ठीगुड़ा के लोगों को पहली बार सड़क के दर्शन होने वाले हैं। तीन सौ की आबादी वाले इस गांव के लोग चार किमी तक पगडण्डी से ही आना जाना कर रहे थे।
कोंगूपल्ली-तारलागुड़ा रोड पर बसे संकनपल्ली से चार किमी दूर भट्ठीगुड़ा है। यहां के लोग पगडण्डी से ही आना जाना करते हैं। सबसे मुसीबत तो बारिश में होती है, जब चार नाले भरे होते हैं। इस पगडण्डी वाले रास्ते में संकनपल्ली का उप स्वास्थ्य केन्द्र भी है जहां वाहन का पहुंचना मुश्किल है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के उप यंत्री यशवंत साहू ने बताया कि करीब एक करोड़ रूपए की लागत से चार किमी की सड़क बनाई जा रही है। एक पखवाड़े पहले ये काम शुरू हुआ है।
बताया जा रहा है कि 9 मीटर चौड़ी इस सड़क का पहले चरण में मुरमीकरण होना है। बाद में इसका डब्ल्यूबीएम प्रस्तावित है। उसूर ब्लाॅक में पीएमजीएसवाय की ये पहली सड़क है। इसी माह काम पूरा हो जाएगा। इस मार्ग पर चार पुल भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को रोजगार मिला है। वे सड़क निर्माण को लेकर खुश हैं। रोजाना करीब दो सौ लोगों को यहां रोजगार मिल रहा है।

