दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर में नक्सलियों ने एक बार फिर केके रेललाइन को निशाना बनाया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हथियारबंद माओवादियों ने भांसी व बचेली के बीच रेलवे ट्रेक पर पेड़ काटकर गिरा दिए। घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
इसके बाद से ही केके रेललाइन पर मालगाड़ियों का परिचालन बंद है। वहीं पैसेंजर व स्पेशल ट्रेन भी नहीं चल रही है।
नक्सलियों ने बचेली के पास 434/17 किमी पर इस वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक देर रात बचेली से आयरन ओर लोड कर मालगाड़ी आ रही थी। इसी बीच सशस्त्र माओवादियों ने पहले तो पेड़ गिरा कर यातायात को बाधित किया। फिर ड्राइवर को धमकाते हुए वॉकी-टॉकी, मोबाइल व पर्सनल इक्यूपमेंट लूट कर फरार हो गए। इसकी सूचना ड्राइवर ने रेलवे प्रशासन को दी और बचेली थाने में भी सूचित किया गया।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों ने ओएचई केबल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे विद्युत सप्लाई बंद होने से ट्रनों का परिचालन पिछले 8 घंटों से बंद है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे नक्सली अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। जबकि कुछ कुल्हाड़ी व अन्य धारदार हथियार पकड़े हुए थे।
घटना के बाद आज सुबह सुरक्षा बलों के साथ रेलवे की टीम रेस्क्यू आॅपरेशन में जुट गई है। संभावना जताई जा रही है कि विद्युत सप्लाई बहाल करने में 11 बजे तक का वक्त लग सकता है। इसके बाद ही ट्रनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी। फिलहाल पैसेंजर ट्रेन किरन्दुल में खड़ी है।

