न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। प्रदेश भर में चल रहे लोक सुराज अभियान के पहले चरण के बीच खबर बिलासपुर से है, जहां एक किसान ने खुदकुशी करने के लिए रस्सी मांग कर सुराज दल को सकते में डाल दिया। दरअसल, यह किसान अपनी पुश्तैनी जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से परेशान था।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिले के किसान दिलहरण लाल भार्गव के पूर्वजों की एक एकड़ जमीन वन विभाग द्वारा अधिग्रहित कर ली गई है। भूमि अधिग्रहण के समय विभाग ने वादा किया था कि उसे दूसरी जगह जमीन दी जाएगी। लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। पीड़ित किसान का कहना है कि उसे न तो जमीन दी गई और न ही मुआवजा मिल सका।
दिलहरण का आरोप है कि अन्य दो किसानों की जमीनें भी अधिग्रहित की गई थीं, जिसके बदले में उन्हें दूसरी जगह जमीन दे दी गई। लेकिन उनका मामला अभी भी अधर में अटका हुआ है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
सुराज दल के समक्ष प्रस्तुत आवेदन में किसान दिलहरण ने लिखा है कि इससे पूर्व 2015 और 2017 के लोक सुराज अभियान में वह आवेदन दे चुका है। लेकिन उसकी समस्या का निराकरण आज पर्यन्त नहीं हो सका है। ऐसे में शासन-प्रशासन से गुहार लगाते-लगाते थक कर हताश होने के बाद अब उसने लोक सुराज में आत्महत्या की अनुमति मांगी है।
loading...

