दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। शुक्रवार से रमन सरकार प्रदेशभर में महत्वाकांक्षी लोक सुराज अभियान का आगाज कर रही है। इसके लिए युद्ध स्तर पर चल रही तैयारियों के बीच दंतेवाड़ा से आ रही एक खबर हैरान करने वाली है। यहां नगर पालिका द्वारा सीएम डॉ. रमन सिंह की तस्वीर लगे फ्लैक्स को कचरा वाहन में ढुलवाने का मामला सामने आया है।
यह फ्लैक्स लोक सुराज अभियान 2018 के लिए तैयार की गई है, जिसमें मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ आवेदन संकलन शिविर के तारीखों का उल्लेख किया गया है। सीएम की तस्वीर के अपमान संबंधी तस्वीरों के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। वहीँ 15 साल से प्रदेश की बागडोर संभाल रहे मुख्यमंत्री की तस्वीर लगे फ्लैक्स को इस तरह ढुलवाए जाने से नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
विवादों से पुराना नाता:
बता दें कि दक्षिण बस्तर में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ साल पहले वृद्धजन दिवस के मौके पर भी नगर पालिका ऐसा कारनामा कर चुकी है। उस वक्त आवारा मवेशियों की धरपकड़ करने वाले वाहन में बुजुर्गों को लाया गया था। ऐसा ही शर्मनाक मामला लौहनगरी किरन्दुल में भी सामने आ चुका है, जहां कचरा वाहन में मुठभेड़ में शहीद जवानों के शव को ढोया गया था।
इधर, इस मसले पर खबर बस्तर डॉट कॉम ने जब नगर पालिका के सीएमओ पवन मेरिया से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया। उनका कहना था कि सीएम की तस्वीर के अपमान जैसी कोई बात नहीं है। जिस वाहन में फ्लैक्स लाए गए हैं वह नई वाहन है, जिसमें मुनादी आदि का कार्य किया जाता है। हालांकि, सीएमओ ने स्वीकार किया कि इसी तरह के दूसरे वाहन में कचरा एकत्रित किया जाता है।
