न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। बालीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' के विरोध की आग और भी तेज हो गई है। सेंसर बोर्ड की ओर से मूवी के रिलीज को लेकर ग्रीन सिग्नल मिलने के बावजूद इसका विरोध बरकरार है। अब फिल्म पर रोक लगाने के लिए राजपूत महिलाओं ने जौहर की चेतावनी दे डाली है।
बता दें कि इन महिलाओं ने चित्तौड़गढ़ किले के उसी स्थान पर जौहर करने की धमकी दी है, जहां रानी पद्मिनी ने रानियों और दासियों के साथ जौहर किया था। शनिवार को चित्तौड़गढ़ में सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई जिसमें क्षत्रीय समाज की महिलाओं ने यह फैसला लिया।
बैठक में तय किया गया कि फिल्म का नाम भले ही बदल दिया गया हो पर इसका विरोध जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि 17 जनवरी से राजमार्ग जाम करने के साथ ही रेल यातायात भी अवरूद्ध किया जाएगा। वहीं सर्व समाज का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मूवी के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग करेगा।
करणी सेना के प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को पीएम मोदी से मिलने का कार्यक्रम है। हम पीएम से भी इस फिल्म पर रोक लगाने की मांग करेंगे। तमाम प्रयासों के बावजूद अगर फिल्म की रिलीज पर रोक नहीं लगेगी, तो महिलाएं उसी जगह जौहर करेंगी, जहां रानी पद्मिनी ने किया था।

