बीजापुर @ खबर बस्तर। शुक्रवार को कुछ लोगों के साथ पिकनिक मनाने गोदावरी इंद्रावती संगम भद्रकाली गया युवक नदी में डूब गया। नगर के ब्लाॅकपारा निवासी युवक अभिषेक कुजूर (22) की तलाश परिजन और गांव के लोग कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक यहां से साहू परिवार के लोग पिकनिक मनाने शुक्रवार की सुबह भद्राकाली गए थे। दोपहर करीब 12 बजे अभिषेक कुजूर नदी में नहाने के लिए कूद गया। इसके बाद वह बाहर नहीं देखा गया। इस घटना की सूचना भद्राकाली पुलिस को दी गई है।
देर शाम तक युवक की तलाश गांव के लोग व परिजन कर रहे थे। खबर मिलने पर अभिषेक के पिता पीएचई के रिटायर्ड कर्मचारी पियूस कुजूर कुछ लोगों के साथ शाम भद्राकाली के लिए रवाना हुए। अभिषेक आईटीआई पास है। इस हादसे से मोहल्ले के लोग व परिजन चिंतित हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।

