बीजापुर @ खबर बस्तर। आवापल्ली तिराहे से जगरगुण्डा तक सड़क बना रही पाटिल कंस्ट्रक्शन कंपनी की सेवा को समाप्त कर दिया गया है। काम की धीमी रफ्तार को देखते लोक निर्माण विभाग ने ये फैसला लिया। अब तर्रेम से जगरगुण्डा तक करीब 23 किमी का काम शुरू करने ईएनसी की टेण्डर सेल फिर से निविदा जारी करेगी।
विभाग की मानें तो पाटिल कंस्ट्रक्शन को साल 2012 में आवापल्ली टी से जगरगुण्डा तक सड़क बनाने का ठेका मिला था। बीते 6 सालों में कंपनी ने 47 किमी सड़क का निर्माण किया। इस अवधि में सड़क सुरक्षा में लगे 24 जवान नक्सली हमले में शहीद हो गए। वहीं कई जवान आईईडी, गोलीबारी और स्पाइक होल की चपेट में आकर घायल हो गए। इसके बावजूद जगरगुण्डा तक सड़क नहीं पहुंच सकी है।
काम की मंद गति के मद्देनजर 31 दिसंबर को विभाग ने कंपनी की सेवा को समाप्त कर दिया। जगरगुण्डा रोड को जल्दी बनाने ना केवल लोनिवि, बल्कि जिला प्रशासन भी बेहद संजीदा है। इसी वजह से रिटेण्डर का फैसला लिया गया। यहां से कंपनी के कामकाज का पूरा ब्यौरा पीडब्ल्यूडी के ईएनसी को भेज दिया गया है।
काम की धीमी रफ्तार के बारे में कंपनी के लाइसेनिंग आफिसर अजय सिंह का कहना है कि माह में 12 दिन रोड ओपनिंग पार्टी मिलती है। इन दिनों में भी पांच-छह घंटे से ज्यादा काम नहीं किया जा सकता है। शाम चार बजे काम बंद करना पड़ता है।
बीजापुर से पंकज दाऊद की रिपोर्ट....
loading...


एक टिप्पणी भेजें