दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। रमन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लोक सुराज अभियान 2018 का आज प्रदेश भर में आगाज हो गया। इस योजना के जरिये सरकार गांव-गांव जाकर ग्रामीणों की समस्याओं व शिकायतों का निराकरण करने की कोशिश करती है, लेकिन सुराज के पहले ही दिन प्रशासनिक लापरवाही उजागर हो गई है।
मामला दंतेवाड़ा जिले के नहाड़ी का है, जहां खुद नोडल अधिकारी मौके पर दोपहर 3 बजे तक नहीं पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक अभियान के पहले दिन शुक्रवार को कुआकोंडा ब्लाक के नहाड़ी ग्राम में तीन सदस्यीय सुराज टीम को ग्रामीणों की समस्याओं संबंधी आवेदन लेने जाना था। इसके लिए बचेली रेंजर आरआर पटेल को प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। पर लोक सुराज अभियान को ठेंगा दिखाते हुए वे दोपहर तक अरनपुर में ही आराम फरमाते रहे।
नहाड़ी गांव में दोपहर तक सुराज टीम के सदस्य व नहाड़ी के पटवारी गोविंद और सचिव भीमा ही मौके पर मौजूद रहे। उन्हें यह तक नही मालूम था कि नहाड़ी गांव का नोडल प्रभार किसे दिया गया, क्योकि गांव तक नोडल अधिकारी आरआर पटेल पहुँचे ही नही थे। बताया गया कि मौके पर शिकायत पेटी भी नहीं भेजी गई थी। जबकि शिविर में काफी ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे।
खबर बस्तर डॉट कॉम ने जब इस मामले पर नोडल अधिकारी पटेल से बात की तो उनका अपना तर्क था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुबह साढ़े 10 बजे उन्हें सुराज में ड्यूटी लगने की जानकारी मिली। इसके बाद वे कुआकोण्डा जनपद कार्यालय में प्रपत्र आदि लेने गए, लेकिन सचिव व पटवारी इसे पहले ही ले जा चुके थे। इसके बाद वे अपनी सरकारी गाड़ी में अरनपुर तक गए। फिर रास्ता खराब होने की वजह से उन्होंने विभागीय कर्मचारी को बुलाया और बाइक से नहाड़ी पहुंचे।


