न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। मध्यप्रदेश में संविलियन की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारी अध्यापकों ने आंदोलन को और बड़ा करने का ऐलान किया है। सरकार के रवैये से नाराज अध्यापकों ने शिवराज सरकार को चेतावनी दी है कि वे अब प्रदेश की जनता को सरकार के खिलाफ वोट करने को लेकर जागरुक करेंगे।
शनिवार को जम्बूरी मैदान से हटाए जाने से नाराज शिक्षाकर्मियों ने अपने सिर का मुंडन कर सरकार के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। आजाद अध्यापक मोर्चे की प्रमुख शिल्पी दीवान का कहना है कि सरकार के विरोध में अध्यापकों का आंदोलन अब गांव-गांव, शहर-शहर तक बुलंद होगा। मुंडन कराने वाली महिला अध्यापकों ने अपने कटे हुए बाल पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत को कोरियर करने का ऐलान किया है।
बता दें कि प्रदेश के अध्यापकों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। संविलियन और सातवें वेतनमान समेत कई मांगों को लेकर प्रदेश भर के अध्यापक जम्बूरी मैदान में एकत्रित हुए, जहां सामूहिक मुंडन कराया गया। मुंडन कराने वालों में बड़ी संख्या में महिला अध्यापक भी शामिल थे।
इधर, शिक्षाकर्मियों के कटे बाल और मुंडे सिर के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। एमपी से कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्वीटर हेंडल पर शिवराज सरकार पर हमला बोल दिया।
उन्होंने ट्वीट किया कि- शास्त्रो में लिखा है जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। लेकिन मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के राज में महिला शिक्षकों को अपनी मांग के विरोध में मुंडन कराने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

