न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ की सरहद से लगे तेलंगाना के जयशंकर भूपालापल्ली जिले में पुलिस ने 3 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक वह छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कई अपराधों में संलिप्त थी।
पुलिस ने यह कार्रवाई येटुरीनागरम इलाके से की है। जिसमें एक महिला समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
पुलिस की गिरफ्त में आई 29 वर्षीय माडवी पांडे उर्फ सुशीला उर्फ लक्ष्मी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्य कटकम सुदर्शन की सुरक्षा पलटन कमांडर थी। उसे उस वक्त गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह अपना इलाज कराने के बाद मुलुगु गांव से वापस आ रही थी।
पुलिस अधिकारियों की मानें तो महिला नक्सली छत्तीसगढ़ के भैरमगढ़ क्षेत्र की निवासी है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में वह एक घटना में गंभीर रूप से घायल हो गयी थी। इसके बाद वह इलाज कराने गई और पुलिस के हत्थे चढ़ गई। नक्सलियों के पास से पुलिस ने कुछ माओवादी साहित्य और 35 हजार रूपए नकद बरामद किए हैं।


