दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। बसंत पंचमी के अवसर पर सोमवार को मां दंतेश्वरी मंदिर में विशेष आराधना हुई। शक्तिपीठ के सामने स्थित गरूड़ स्तंभ के समक्ष आम बौर अर्पित कर दशकों पुराने तांबे के त्रिशूल को स्थापित किया गया। इसके साथ ही ऐतिहासिक फागुन मंडई की रस्मी शुरूआत हो गई है।
बता दें कि जिस त्रिशूल को स्थापित किया गया वह 600 से अधिक साल पुराना है। रियासतकालीन परंपरानुसार प्रति वर्ष बसंत पंचमी को विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात त्रिशूल स्तंभ स्थापना की जाती है। इस रस्म को 'डेरी गड़ाई' कहा जाता है। इसके बाद ही दक्षिण बस्तर के ऐतिहासिक फागुन मंडई की शुरुआत होती है।
जानिए क्या है त्रिशूल की ऐतिहासिक मान्यता: दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी हरेंद्रनाथ जिया ने बताया कि राजा पुरषोत्तम देव वारंगल से इस त्रिशूल को लेकर आए थे। प्रतिवर्ष बसंत पंचमी पर मां दंतेश्वरी मंदिर में वैदिक मंत्रोचारण के साथ त्रिशूल स्तंभ स्थापित किया जाता है। त्रिशूल स्थापना के साथ ही ऐतिहासिक फागुन मंडई की शुरुआत हो जाती है। मड़ई की समाप्ति पश्चान आमंत्रित देवी-देवताओं की विदाई के दूसरे दिन त्रिशूल को वापस मंदिर में रख दिया जाता है।
बसंत पंचमी के मौके पर 'डेरी गड़ाई' रस्म के पश्चात सोमवार की शाम शक्तिपीठ से माई दंतेश्वरी के छत्र को बस स्टैण्ड चौक तक लाया गया, जहां मुख्य चौराहे पर माईजी के छत्र को आम के बौर से बना मुकुट पहनाया गया।
बता दें कि इस रस्म को 'आमा माउड' रस्म के नाम से भी जाना जाता है। इस दौरान स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों द्वारा मांईजी के छत्र पर बौर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पुलिस जवानों द्वारा माता के छत्र को हर्ष फायर कर सलामी दी गई।
loading...



एक टिप्पणी भेजें