न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। तकरीबन दो साल के लंबे अंतराल के बाद नक्सलियों ने उत्तरी छत्तीसगढ़ में अपनी उपस्थिति दिखाते हुए जमकर उत्पात मचाया। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले के सामरी थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं खबर है कि माओवादियों ने यहां कई लोगों को बंधक बनाकर उनकी जमकर पिटाई भी की।
घटना बीते देर रात की बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक सामरी थाना क्षेत्र के सरईडीह और कुकुद में देर रात सशस्त्र नक्सली पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। यहां नक्सलियों ने 2 काँटाघर को उड़ा दिया और 6 एक्सीवेटर में आग लगा दी। इसके अलावा 4 कर्मचारियों को बंधक बनाकर पीटने की भी खबर है।
दिलचस्प बात यह है कि वारदात के चंद घंटे पहले सरगुजा प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सरगुजावासियों को नक्सली आतंक से मुक्त होने के लिए बधाई दी थी। यहां सीएम ने हितग्राही सम्मेलन में शिरकत की और क्षेत्र की जनता को 878 करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता की एकजुटता से ही सरगुजा लाल आतंक से मुक्त हुआ है।
सीएम के रवाना होने के बाद देर रात नक्सलियों ने घटना को अंजाम देकर पुलिस को तगड़ी चुनौदी पेश की है। दरअसल, सरकार का दावा रहा है कि सरगुजा को नक्सल मुक्त कर दिया गया है और इसी तर्ज पर बस्तर में भी नक्सलियों का खात्मा कर दिया जाएगा। अब चुनावी साल में इस नक्सली वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं बढ़ना लाजिमी है।

