दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। बस्तर में लगातार हो रही नक्सली वारदातों से यहां के निवासी आए दिन दो-चार होते रहते हैं। बारूदों के ढेर पर अपनी जिंदगी गुजार रहे बस्तरवासी अब माओवाद की समस्या से आजिज हो चुके हैं और इसका स्थाई हल चाहते हैं। इस आशय की चिट्ठी मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ की दानपेटी से निकली है।
शुक्रवार को दंतेश्वरी मंदिर में दानपेटियां खोली गईं। इस दौरान नगदी के अलावा कई दिलचस्प पत्र भी मिले हैं। ऐसी ही एक पाती में मांईजी के एक भक्त ने बस्तर की आराध्य देवी से बस्तर के लोगों को लाल आतंक से मुक्ति दिलाने व क्षेत्र में अमन चैन कायम करने की मांग की है। यह पत्र अंग्रेजी में लिखा है, जिसमें प्रार्थी ने माओवाद की समस्या से हो रहे नुकसान का उल्लेख किया है।
मंदिर की दानपेटियों में इस बार 3 दर्जन से ज्यादा चिट्ठियां मिली है, जिसमें किसी ने माता से मनपसंद जीवनसाथी मांगा है, तो किसी ने बीमारी और कर्ज से मुक्ति दिलाने का अनुरोध किया है। दानपेटियों को जब खोला गया तो इसमें 5 सौ के पुराने नोट भी निकले जो नोटबंदी के बाद अब चलन से बाहर हो चुके हैं। टेंपल कमेटी के व्यवस्थापक व तहसीलदार गौतम सिंह के मुताबिक अनुपयोगी हो चुके इन नोटों को दफ्तर के संग्रहालय में रखा जाएगा।
loading...


एक टिप्पणी भेजें