दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर में आकर अगर दंतेवाड़ा के 'कडकनाथ' का जायका नहीं लिया तो यहां का दौरा भी निरर्थक है। शायद यही वजह रही कि गुरूवार को दंतेवाड़ा में हुई संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान लंच के मीनू में इसे खास जगह दी गई। राजधानी समेत बस्तर संभाग के कई जिलों से पहुंचे आला अफसरों ने 'कड़कनाथ' करी के साथ 'रेड राइस' का खूब आनंद लिया।
बता दें के चीफ सिक्रेटरी बनने के बाद सीनियर आईएएस अजय सिंह का यह पहला बस्तर प्रवास था। उन्होंने नई पहल करते हुए संभाग स्तरीय रिव्यू मीटिंग जगदलपुर के बजाय दंतेवाड़ा में बुलाने का फैसला लिया। बैठक में बस्तर के सातों जिलों के कलेक्टर व एसपी के अलावे तमाम बड़े अफसर मौजूद रहे। मौका बेहद खास था, लिहाजा जिला प्रशासन ने भी अतिथियों के आवभगत में कोई कोर-कसर बाकि नहीं रखी।
समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों ने लंच किया, जिसमें छप्पन भोग का इंतजाम किया गया था। इन दिनों दंतेवाड़ा के कड़कनाथ के खासे चर्चे हैं इसलिए लंच में इसे विशेष तवज्जो मिली। हालांकि, नानवेज आइटम में कड़कनाथ करी के साथ देशी मुर्गा व फिश फ्राई भी था पर आगंतुक अफसरों ने कड़कनाथ के डिश को बेहद पसंद किया।
बताया गया है कि करीब 65 किलो कड़कनाथ और 40 किलो के करीब देशी मुर्गा बनवाया गया था। पशु एवं चिकित्सा विभाग से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि उनको कड़कनाथ प्रबंध करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
मीटिंग में शिरकत करने पहुंचे अधिकारियों ने कड़कनाथ के साथ यहां का लाल चावल बड़े चाव से खाया। लंच के दौरान अधिकारियों में इन दानों ही फूड की बड़ी चर्चा रही। कई अफसर-कर्मियों को तो कहते सुना गया कि कड़कनाथ वाकई बेहद स्वादिष्ट है... भई वाह मजा आ गया..!



