दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। कटेकल्याण थाना क्षेत्र के बड़े लखापाल इलाके में बीते 29 दिसंबर को सड़क निर्माण में लगे 7 वाहनों को माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने 3 नक्सली जनमिलिशिया सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कटेकल्याण थाना पुलिस व सीआरपीएफ 195 एफ कंपनी द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस ने आज एसपी दफ्तर में आगजनी की वारदात में शामिल 3 माओवादियों को मीडिया के सामने पेश किया। एएसपी गोरखनाथ बघेल ने बताया कि सूरनार व बड़े लखापाल की पहाड़ी से घेराबंदी कर इन 3 नक्सलियों को पकड़ा गया है। पकड़े गए नक्सलियों में बामन उर्फ कोर्री पिता महादेव, गुड्डी मंडावी पिता बदरू मंडावी व हुर्रा मंडावी पिता हिड़मा मंडावी शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए तीनों नक्सली गदापाल व बड़े लखापाल के बीच चल रहे पीएमजीएसवाय सड़क निर्माण में लगे वाहनों में आगजनी की वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस पार्टी पर हमला करने, बम लगाने, बम विस्फोट की घटना व मेटापाल सरपंच पति धर्मेंद्र की हत्या में भी इनकी संलिप्तता रही है।


