न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। देश में बेरोजगारी का आलम ये है कि चपरासी बनने के लिए भी हजारों लोग कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। मामला एमपी के ग्वालियर का है, जहां डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में चपरासी के 57 पदों के लिए 60 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। हैरानी इस बात की कि इसमें कई उम्मीदवार तो इंजीनियर और एमबीए डिग्रीधारी भी हैं। वहीं नौकरी के ख्वाहिशमंद उम्मीदवारों में कुछेक के पास तो पीएचडी की उपाधि भी है।
ग्वालियर के जिला कोर्ट में जब चपरासी के पद के लिए उच्च शिक्षित लोगों के इतने सारे आवेदन मिले तो जज भी चकरा गए। जबकि विभाग ने इस पद के लिए वांछित योग्यता महज आठवीं पास ही रखी थी। बेरोजगारी की समस्या इतनी बड़ी है कि चपरासी के पद हेतु पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।
आवदेकों की भीड़ को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम भी किए गए हैं। वहीं अभ्यर्थियों के चयन के लिए 14 जजों की कमेटी गठित की गई है। बताया गया है कि 28 जनवरी से उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू होगा और फिर 18 फरवरी के बाद इसके परिणामों की घोषणा की जाएगी।

