पंकज दाऊद @ बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में दो गांव ऐसे भी हैं जहां के लोगों को न तो सरकार से कुछ चाहिए और न ही इन्हें किसी बात से कोई गिला शिकवा है। ये गांव बीजापुर ब्लाॅक में हैं और ये हैं मनकेली व डोडी तुमनार। दरअसल, इन दोनों गांव के रहवासियों ने लोक सुराज अभियान 2018 के दौरान प्रशासन को अपनी समस्याओं व मांगों से संबंधित एक भी आवेदन नहीं दिया है।
लोक सुराज अभियान के दौरान मांग व शिकायत की अर्जियां देने के लिए 14 जनवरी अंतिम तारीख मुकर्रर की गई थी। पूरे जिले में 21814 आवेदन आए। इनमें से 21524 मांग से जुड़े थे तो 290 शिकायत वाले थे। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर बसे मनकेली से एक भी आवेदन नहीं आया। यही हाल करीब 50 किमी दूर बसे डोडी तुमनार का है।
इन गांवों में बसे लोगों ने ना तो कोई शिकायत की और ना ही कोई मांग रखी। बीजापुर ब्लाॅक से कुल 2973 आवेदन जिला प्रशासन को मिले। इस ब्लाॅक से शिकायती आवेदन एक भी नहीं आया। सभी आवेदन मांग से जुड़े थे। जबकि भैरमगढ़ से 6688, भोपालपटनम से 5233 व उसूर से 4158 आवेदन आए।
मनकेली व डोडी तुमनार गांव से एक भी अर्जी नहीं मिलने के पीछे लाल आतंक भी एक वजह हो सकती है। दोनों ही गांव में माओवादियों की अच्छी खासी दखल है। संभवत: इसके चलते भी ग्रामीण सुराज अभियान में आवेदन देने नहीं पहुंचे थे।
इधर, बीजापुर कलेक्टर डॉ अय्याज तांबोली का कहना है कि प्रशासन द्वारा जिले भर में लोक सुराज अभियान को लेकर प्रचार प्रसार किया गया था। मनकेली व डोडी तुमनार गांव संवेदनशील क्षेत्र में शामिल हैं। ऐसे में संभव है कि नक्सली दहशत के चलते भी ग्रामीण आगे नहीं आए हों। उन्होंने बताया कि ग्रामीण चाहें तो अभी भी आवेदन दिया जा सकता है। इसके लिए प्रशासन हाट बाजारों में भी आवेदन पेटी लगा रही है।
loading...


एक टिप्पणी भेजें