दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर की ऐतिहासिक फागुन मडई की शुरूआत बुधवार को कलश स्थापना के साथ हो गई है। परंपरानुसार संध्या को माईजी की पहली पालकी निकाली गई। यह सिलसिला पूरे दस दिनों तक जारी रहेगा। वहीं फागुन मडई में शामिल होने विभिन्न ग्रामों से देवी देवताओं के छत्र व लाठ के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है।
फागुन मंडई की बहुरंगी छठा बिखरनी बुधवार से प्रारंभ हो गई। कलश स्थापना रस्म अदायगी के लिए सुबह माई दंतेश्वरी मंदिर में पुजारी और सेवादार मंदिर परिसर में भक्तिभाव से जुटे रहे। परंपरागत ढंग से मां दंतेश्वरी के छत्र व लाठ को सुबह पूजा अर्चना पश्चात प्रधान पुजारी, सेवादार व 12 लंकवार की उपस्थिति में मंदिर से निकाला गया।
इस मौके पर छत्र व छड़ी को मंदिर के प्रवेश द्वार पर 5 पुलिस के जवानों द्वारा हर्षफायर कर सलामी दी गई। जिसके बाद माइजी की छत्र को मेंडका डोबरा स्थित मावली माता देवी स्थल पर लाया गया, जहां पुन: जवानों द्वारा हर्ष फायर कर मां दंतेश्वरी देवी की छत्र व लाठ को सलामी दी गई। तदोपरांत पुजारी द्वारा माईजी की छत्र व छड़ी को देवी मंदिर के अंदर लाया गया, जहां विधिवत पूजा अर्चना कर कलश प्रज्जवलित किया गया।
कलश स्थापना के बाद शाम को आमंत्रित देवी देवताओं के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर से बाजा मोहरी की गूंज के बीच व सेवादारों द्वारा जयघोष के साथ मांईजी की पहली डोली निकाली गई। डोली मंदिर से निकलकर परिक्रमा करते हुए नगर के ऐतिहासिक दंतेश्वरी सरोवर के किनारे स्थित नारायण मंदिर पहुंची, जहां परंपरानुसार डोली को जवानों द्वारा हर्ष फायर कर सलामी दी गई।
नारायण मंदिर में डोली की पूजा अर्चना के पश्चात डोली को पूरे विधि विधान के साथ वापस मंदिर में लाकर रखा गया। आदिवासियों की आस्था, परंपरा और श्रद्धा से जुड़ा यह ऐतिहासिक पर्व आगामी दस दिनों तक चलेगा। हर दिन शाम को डोली निकाली जाएगी और आखेट परंपरा का निवर्हन किया जाएगा। कलश स्थापना के दौरान मंदिर के पुजारी, तहसीलदार, सेवादार, मांझी, चालकी, कतियार, तुडपा, समरथ, समेत अन्य पारंपरिक सेवादार व गांवों से आए ग्रामीण भी मौजूद थे।



एक टिप्पणी भेजें