बीजापुर @ खबर बस्तर। आदिवासियों ने भूमकाल दिवस पर अपने हक के लिए 'आजादी' के एक और आंदोलन की वकालत करते साफ जाहिर कर दिया है कि उनकी चिंता भू राजस्व संशोधन संहिता विधेयक को लेकर है। समाज के लोगों को डर इस बात का है कि एक ना एक दिन किसी रूप में ये बिल कहीं पारित ना हो जाए।
बस्तर में बसी विभिन्न जनजातियों की एकजुटता को प्रदर्शित करने भैरमगढ़ में शनिवार को आयोजित सभा में सर्व आदिवासी समाज ने ओड़िशा से लगे नेतानार और तेलंगाना से लगे मुरदण्डा के लोकनृत्यों को एक ही मंच पर पेश किया। वक्ताओं ने सभा में सिर्फ जल, जंगल जमीन की ही बात की और इस पर आदिवासियों का हक जताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे भू राजस्व संहिता संशोधन बिल को लेकर बेहद फिक्रमंद हैं।
हालांकि, यह बिल फिलहाल अधर में है, लेकिन इसकी चिंता समाज के लोगों को है। वक्ताओं ने कहा कि संविधान में आदिवासियों को जो अधिकार दिए गए हैं वे उन्हें पूरी तरह नहीं मिल पा रहे है। ये भी आशंका उन्होंने जाहिर की कि भविष्य में कहीं आरक्षण खत्म ना कर दिया जाए।
वक्ताओं ने कहा कि पांचवी अनुसूची का परिपालन ठीक से नहीं हो रहा है। अनुसूचित क्षेत्रों में कानून का पालन नहीं हो रहा है। आदिवासियों की जमीन छिनी जा रही है और उन्हें मूल स्थान से बेदखल करने की कोशिश हो रही है। सभा को राजाराम तोड़ेम, तिमोथी लकड़ा, श्रीमती जमुना संकनी, श्रीमती नीना रावतिया, विक्रम मण्डावी, संकनी चंद्रैया, करूणा कुरसम, अशोक तलाण्डी, अमित कोरसा, सुशील हेमला, विजय ओयाम, तेलामी, नरेन्द्र बुरका एवं अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस मौके पर शंकर कुड़ियम, तेलम बोरैया, राधेश्याम नेताम, मिच्चा मुतैया, हरीश कोरसा, हीरामणी कोरसा, चापा सुरेन्द्र, चापा नागेश, धन्नू नागेश, कमलेश पैंकरा, लक्ष्मण कड़ती, मंगल राना, सुमन कोरसा, देवनाथ नेगी, सहदेव नेगी, बलदेव उरसा, लक्ष्मण हपका एवं समाज के पदाधिकारी मौजूद थे। समाज की ओर से पत्रकार याकूब खान, करकू श्याम एवं पंकज दाऊद को सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें... CG BUDGET : रमन सरकार ने पेश किया 87 हजार करोड़ का बजट, जानिए बजट की खास बातें...
यह भी पढ़ें... CG BUDGET : रमन सरकार ने पेश किया 87 हजार करोड़ का बजट, जानिए बजट की खास बातें...



एक टिप्पणी भेजें