बीजापुर @ खबर बस्तर। जिला मुख्यालय में 35 साल तक बढ़ने वाली आबादी को जलापूर्ति करने वाले वाॅटर प्रोजेक्ट को वित्त विभाग की मंजूरी का इंतजार है। छह माह से इस प्रोजेक्ट की फाइल फाइनेंस डिपार्टमेंट में हरी झण्डी की बाट जोह रही है।
सूत्रों के मुताबिक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मिंगाचल नदी से पाइप लाइन के जरिए पानी धनोरा तक लाने और वहां साफ कर जिला मुख्यालय को सप्लाई करने का एक प्रोजेक्ट तैयार किया है। ये परियोजना 37.51 करोड़ रूपए की है। इस प्रकल्प के तहत 35 साल तक बढ़ने वाली जिला मुख्यालय की आबादी को पेयजल देने की योजना है।
इसके लिए मिंगाचल नदी से पानी लेने एक इनटेक वेल बनाए जाने का प्रस्ताव है। पाइप लाइन के जरिए पानी धनोरा तक लाया जाएगा। धनोरा में जगह की तलाश की जा रही है। दरअसल, धनोरा में जल संशोधन गृह बनाया जाएगा। यहां विभाग का लैब भी होगा जहां पीएच चेक (अम्लीयता-क्षारीयता का परीक्षण) किया जाएगा। इसके अलावा स्टाफ के लिए यहां क्वार्टर भी बनाए जाएंगे।
पाइप लाइन के मार्फत पानी जिला मुख्यालय लाया जाएगा, जहां पानी की चार टंकियां होंगी। इनमें से ओवर हेड टेंक चार-चार सौ किलो लीटर की होंगी। इनकी ऊंचाई 18 मीटर होगी। एक टंकी पांच सौ किलो लीटर की होगी। इसकी ऊंचाई भी 18 मीटर होगी। एक और पानी टंकी तीन सौ पचास किलो लीटर की होगी। इसकी ऊंचाई 15 मीटर होगी। टंकियों के निर्माण के लिए स्थान का चयन नहीं किया गया है।
बताया गया है कि प्रोजेक्ट रिपोर्ट सितंबर 2017 में राज्य शासन को भेजी गई है। अभी इसकी मंजूरी नहीं मिल पाई है। बताया गया है कि मंजूरी मिलने के बाद दो साल में काम पूरा होगा।
'काम जल्द शुरू होगा'
इस प्रोजेक्ट से जिला मुख्यालय के लोगों को 35 साल तक पेयजल की किल्लत नहीं होगी। मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। दो साल में सभी निर्माण कार्य हो जाएंगे। जीएस कुरेटी, एसडीओ, पीएचई, बीजापुर
loading...


एक टिप्पणी भेजें