सुकमा/दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर के सुकमा जिले में माओवादियों ने सोमवार को दो 2 जेसीबी मशीनों को आग के हवाले कर दिया। घटना पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के तोंगगुड़ा के पास की है, जहां मौके पर पहुंचे हथियारबंद नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि जलाए गए वाहन सड़क निर्माण कार्य में लगे थे।
- प्रतीकात्मक तस्वीर
डीआईजी सुंदरराज पी. ने खबर बस्तर से चर्चा में घटना की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पोलमपल्ली-तोंगगुड़ा के बीच PMGSY द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी कार्य में लगे 2 जेसीबी मशीनों को माओवादियों ने आग लगाई है।
बता दें कि पिछले 30 घंटे के भीतर सुकमा जिले में यह दूसरी घटना है, जिसमें माओवादियों ने वाहनों में आगजनी की है। रविवार को भी भेज्जी थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण में लगे 12 वाहनों में नक्सलियों ने आग लगा दी थी। वहीं मौके पर मौजूद ठेकेदार के मुंशी की भी माओवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस वारदात की सूचना मिलने पर भेज्जी थाने से निकली सुरक्षा बलों की ज्वाइंट पार्टी पर एलमागुड़म के पास घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। करीब 3 घंटे तक चली मुठभेड़ में दो सहायक आरक्षक शहीद हो गए, जबकि 6 अन्य जवान घायल हो गए थे। हालांकि, पुलिस अफसरों ने इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने या मारे जाने की संभावना जताई है।


एक टिप्पणी भेजें