सुकमा/दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। बीते कई दिनों से दक्षिण बस्तर में मचे नक्सली कोहराम के बीच सुकमा से आ रही खबर राहत भरी है। जिले के एर्राबोर क्षेत्र में 59 नक्सली समर्थकों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। बता दे कि इस साल बस्तर में पुलिस को मिलने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है।
डीआईजी पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि करते खबर बस्तर को बताया कि एर्राबोर थाने में 59 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। यह पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा मौके के लिए निकल चुके हैं। उन्होंने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सली समर्थकों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जिन नक्सली समर्थकों ने आईजी विवेकानंद सिन्हा और सुकमा एसपी अभिषेक मीणा के सामने हथियार डाले हैं, उनमें एक दर्जन से अधिक महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। फिलहाल जो जानकारी मिल पा रही है उसके मुताबिक सरेंडर करने वाले सभी सदस्य नक्सलियों के लिए सूचना तंत्र का काम करते थे। बताया जा रहा है कि इनमें से कई नक्सली स्थाई वारंटी हैं।
loading...


एक टिप्पणी भेजें