पंकज दाऊद @ बीजापुर। जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के कोरसागुड़ा और आउटपल्ली के जंगल में शुक्रवार की तड़के हुई मुठभेड़ में फोर्स को भारी पड़ता देख माओवादी मछली की तरकारी और भात समेत दैनिक उपयोग के सामान छोड़कर भाग गए। इस गोलीबारी में कुछ माओवादियो के घायल होने का अनुमान है।
सूत्रों के मुताबिक बासागुड़ा थाने से कोई 8 किमी दूर आउटपल्ली की पहाड़ी पर नक्सलियों के कैम्प होने की खबर लगी थी। इस खबर के बाद सीआरपीएफ की 168 बटालियन और डीएफ के जवानों की पार्टी पहाड़ी की ओर निकली। तर्रेम से दो और कोरसागुड़ा से दो पार्टियां रात को रवाना हुईं।
जब पहाड़ को घेरकर जवान उपर चढ़ने लगे, तभी नक्सलियों ने फोर्स पर फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की ओर से डेढ़ सौ से 200 राउण्ड फायर किए गए जबकि जवानों की ओर से 90 से 95 राउण्ड फायर हुए। मुठभेड़ करीब एक घंटे चली। रूक-रूककर दोनों ओर से फायरिंग होती रही।
अंधेरे और पेड़ों की ओट लेते माओवादी भाग गए लेकिन मौके पर खून के धब्बे देखे गए। इससे कुछ नक्सलियों के घायल होने का अनुमान लगाया गया है। बासागुड़ा टीआई सुरेन्द्र यादव के मुताबिक लोक सभा चुनाव के पहले नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। नक्सलियों ने वहां टेंट लगा रखा था।
बड़े नक्सली लीडर थे कैम्प में: टीआई की मानें तो इस इलाके में डीवीसी मेंबर नागमणि, बासागुड़ा एरिया का कमाण्डर मड़कम देवा और नौ नंबर प्लाटून का कमाण्डर नागेश की मौजूदगी है। मौके से 303 और एसएलआर के खोखे मिलने से इस बात का संकेत मिलता है कि इनकी मौजूदगी कैम्प में थी।
मौके से पुलिस ने डेटोनेटर, आईईडी, तार, वर्दी, पिट्ठू, जिलेटिन, टिफिन बम, खाली टिफिन, कुकर, छेनी, रॉड कटर, बिस्तर, बर्तन, भोजन सामग्री इत्यादि बरामद की। फोर्स की ओर से ताबड़तोड़ गोलीबारी होने से वे सामान नहीं ले जा सके। पुलिस के मुताबिक लोकसभा चुनाव के पहले माओवादी निचले कैडर के नक्सलियों व ग्रामीणों की बैठक लेने कैम्प लगाकर रूके थे।
एएसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि ऑपरेशन के बाद फोर्स दोपहर सुरक्षित सारकेगुड़ा लौट आई है। सभी जवान सकुशल हैं। आम चुनाव के पहले नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने लगातार प्रयास किया जा रहा है।





एक टिप्पणी भेजें