कांकेर @ खबर बस्तर। बस्तर संभाग में नक्सलियों की काली करतूत बदस्तूर जारी है। इस बार माओवादियों ने भाजपा सांसद विक्रम उसेंडी के फार्म हाउस को निशाना बनाया है। नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर फार्म हाउस को उड़ा दिया, जिससे इसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना कांकेर जिले के बर्रेबेड़ा गांव की है।
नक्सलियों द्वारा विस्फोट के बाद फार्म हाउस के कर्मचारियों से मारपीट किए जाने की भी खबरें आ रही है। हालांकि, वारदात में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है।
बता दें कि आज जिले में सीएम डॉ रमन सिंह की विकास यात्रा पहुंचने वाली है। वे यहां रोड शो के अलावा आमसभा को भी संबोधित करेंगे। सीएम के कार्यक्रम स्थल से महज 12 किमी दूर नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नक्सलियों ने मौके पर पर्चे भी फेंके हैं, जिसमें विकास यात्रा का विरोध दर्ज करते हुए भाजपा नेताओं को मार भगाने की बात लिखी गई है। इधर, जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने 5 किलो का आईईडी बम बरामद किया है। इसे मौके पर ही डिफ्यूज कर नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया गया।


एक टिप्पणी भेजें