दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। जीआई टैग की दावेदारी को लेकर दो राज्यों के बीच छिड़े जंग में एमपी के झाबुआ से पिछड़ने के बाद दंतेवाड़ा का 'कड़कनाथ' इन दिनों फिर सुर्खियों में है। इस बार कड़कनाथ की चर्चा इसके रंग या औषधीय गुणों को लेकर नहीं हो रही है, बल्कि वजह है 'कड़कनाथ' की शादी... जी हां, आपने सही पढ़ा। दंतेवाड़ा जिले का कृषि विज्ञान केन्द्र कड़कनाथ की शादी करवाने जा रहा है।
इस अनूठे पहल का जहां कई लोग स्वागत कर रहे हैं, तो वहीं बहुतेरे ऐसे भी हैं, जो इसे सरकारी पैसों की बर्बादी और बंदरबांट बता रहे हैं। कड़कनाथ की शादी के आयोजन को आडंबर व पब्लिसिटी स्टंट बताने वालों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
बता दें कि कड़कनाथ मुर्गा 'कालिया' और मुर्गी 'सुंदरी' का विवाह शनिवार 5 मई को संपन्न होना है। हीरानार के मुर्गे और कासोली की मुर्गी का ब्याह रचाया जा रहा है। दो दिन पहले ही दोनों की सगाई की रस्म संपन्न हुई है। सूत्र बता रहे हैं कि कड़कनाथ के विवाह का कॉन्सेप्ट केवीके के अफसरों का है, जिसे कड़कनाथ पालन करने वाले स्व सहायता समूहों का बता कर अब पल्ला झाड़ा जा रहा है।
🔼 कड़कनाथ की शादी का वह कार्ड, जो केवीके अफसरों के गले की फांस बन गया है।
गीदम ब्लाक के कासोली और हीरानार में इस भव्य शादी की जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। कड़कनाथ की शादी के कार्ड बंट चुके हैं। लेकिन इसी कार्ड ने केवीके अफसरों के उन दावों की पोल खोल दी है, जिसमें इस कार्यक्रम को स्व सहायता समूहों का होने का दावा किया गया था।
यह भी पढ़िए : जिस 'कड़कनाथ' को लेकर छिड़ी थी दो राज्यों में जंग, उस पर अब नहीं रहा छत्तीसगढ़ का अधिकार... मध्यप्रदेश को मिला GI टैग
दरअसल, शादी कार्ड में वर व वधु पक्ष के परिवारों के अलावा शुभेच्छु में 'अधिकारी व कर्मचारी कड़कनाथ परियोजना' लिखा गया है। कार्ड जब सोशल मीडिया के जरिये लोगों की नजरों में आया तो इसे लेकर आलोचना का दौर भी शुरू हो गया। इसके बाद अफसरों को अपनी गलती का एहसास हुआ और कार्ड में अब व्हाइटनर लगा कर 'इंद्रावती स्व सहायता समूह' कर दिया गया है।
🔼 शादी कार्ड में हुई गलती को छिपाने का प्रयास (लाल घेरे में)
इधर, कड़कनाथ के शाही विवाह और रिसेप्शन में लाखों रूपए खर्च होने की बात भी दबी जुबां कही जा रही है। इसका वहन स्व सहायता समूह के सदस्य कहां से करेंगे इसका जवाब देने कोई तैयार नहीं है। शादी की प्लानिंग से लेकर इसे अमलीजामा पहनाने वाले केवीके के अफसर अब मीडिया के सवालों से भी दूर भाग रहे हैं।
Read More : खुशखबरी : छत्तीसगढ़ को मिली 3 नई ट्रेनों की सौगात, किंरदुल-विशाखापटनम स्पेशल ट्रेन होगी नियमित, किराया भी होगा कम
खबर बस्तर ने जब कृषि विज्ञान केन्द्र गीदम के समन्वयक डॉ नारायण साहू से बात की तो पहले वे टालमटोल करने लगे, फिर बोले ''कड़कनाथ की शादी से केवीके का कोई लेना देना नहीं है। यह कार्यक्रम स्व सहायता समूहों का है। वे ही बेहतर बता सकते हैं। वैसे जिले में कड़कनाथ के पालन से समूह के लोग लाखों कमा रहे हैं। इसी पैसे से वे कड़कनाथ की शादी कर रहे हैं।''
loading...




एक टिप्पणी भेजें