बीजापुर @ खबर बस्तर। यहां बस्तर लोक सभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी बैदूराम कश्यप के पक्ष में चुनाव प्रचार में निकले पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने आरोप लगाया कि रशन दुकानों में नमक और चने की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इस तरह अब कांग्रेस के राज में ‘नमक के बदले चिरौंजी’ के दिन लौटने लगे हैं। एक बार फिर आदिवासियों के शोषण का सिलसिला शुरू हो रहा है।
गुरूवार को महेश गागड़ा पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ नगर में बैदूराम कश्यप के पक्ष में चुनाव प्रचार में निकले थे। उन्होंने मेन रोड में व्यापारियों और आम लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की और कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही देश तरक्की कर सकता है। उनके नेतृत्व में दुनिया में भारत की साख बनी है।
Read More : नक्सली इलाके में कांग्रेसियों का केम्पैन, बैज बोले- झूठी और जुमलेबाज सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
भाजपाई पार्टी कार्यालय से रैली की शक्ल में मेन रोड में निकले थे। उन्होंने लोगों को रमन सरकार के कार्यकाल में बीजापुर जिले में किए गए विकास कार्यों के बारे में बताया। भाजपाई मेन रोड से हॉस्पिटल चौक और बस स्टैण्ड तक गए। सड़क किनारे के दुकानदारों और घरों में उन्होंने जाकर भाजपा के लिए वोट मांगे।
इस दौरान पूर्व विधायक राजाराम तोड़ेम, भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकटेश्वर, कोषाध्यक्ष संजू लुंकड़, महामंत्री श्रीनिवास मुदलियार, ओंकार तारम, पालिका अध्यक्ष भाग्यवती पुजारी, उपाध्यक्ष घासीराम नाग, सुखलाल पुजारी, जनपद अध्यक्ष सुकमती भोगाम, सदस्य उर्मिला तोकल, इकबाल खान, बेचनप्रसाद, नीता षाह, ज्योति हेमला, जागर लक्ष्मैया, संतूदास मानिकपुरी, सत्येन्द्र ठाकुर, संजय गुप्ता एवं अन्य मौजूद थे।
कांग्रेसियों से भी भाजपा के लिए वोट मांगे ! जनसंपर्क के दौरान महेश गागड़ा ने कांग्रेसियों से भी मुलाकात की और भाजपा के लिए वोट मांगे। जनसंपर्क के दौरान वे भाजपा कार्यालय के समीप कांग्रेसी नेता संतोष गुप्ता के प्रतिष्ठान पहुंचे और उन्हें भाजपा के पाम्पलेट दिए। उनसे मुलाकात कर गागड़ा ने बैदूराम के पक्ष में मतदान की अपील की।
अविभक्त मप्र में प्रतिपक्ष के उप नेता रहे बीजापुर के पूर्व विधायक राजाराम तोड़ेम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने 55 साल के राज में लोगों की लंगोट तक उतार दी थी। छग में झूठे वादे कर फिर सत्ता में कांग्रेस आ गई है। सरकारी कर्मियों के वेतन के लाले पड़ गए हैं। तीन माह में ही छग की जनता सब कुछ जान गई है।
कंगाली दिखने लगी- वेंकट भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकट ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब 31 मार्च को किसी के बिल का आहरण नहीं हो पाया। मजदूरों और कर्मियों का वेतन नहीं निकलने की नौबत आ गई है। पैसा रूक जाने से विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। भाजपा के राज में चालू किए गए काम आगे नहीं बढ़ रहे हैं। भाजपा का फोकस मूलभूत सुविधाओं पर था लेकिन कांग्रेस इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।




एक टिप्पणी भेजें