बीजापुर @ खबर बस्तर। उसूर ब्लॉक के आवापल्ली में भाजपाइयों ने पीएम मोदी की शक्ल लगाकर अपने उम्मीदवार बैदूराम कश्यप के पक्ष में प्रचार किया और वोट मांगे। रैली की अगुवाई कर रहे पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ही देश बेहतर ढंग से चला सकते हैं क्योंकि वे दमदार हैं जबकि कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के नेता बेदम हैं।
यहां से 30 किमी दूर आवापल्ली में शुक्रवार की दोपहर पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकट, कोषाध्यक्ष संजू लुंकड़, अजजा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुखलाल पुजारी, बीजापुर पालिका उपाध्यक्ष घासीराम नाग, महामंत्री श्रीनिवास राव मुदलियार, जिपं जानकी कोरसा, जागर लक्ष्मैया, जनपद सदस्य उर्मिला तोकल एवं अन्य नेता प्रचार में निकले।
Read More : चुनाव कार्य मे लापरवाही बरतने वाले 2 शिक्षक सस्पेंड... सुकमा कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ने की कार्रवाई!
प्रचार के दौरान कार्यकर्ता पीएम नरेन्द्र मोदी के मुखौटे लगाए हुए थे और उनके जयकारे कर रहे थे। उन्होंने मेन रोड में व्यापारियों और लोगों से मुलाकात की और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर महेश गागड़ा ने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने वादे तो कर दिए हैं लेकिन इन्हें पूरा करने में झिझक हो रही है।
गागड़ा ने कहा कि कांग्रेस देश-विदेश में नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से घबरा गई है।
छत्तीसगढ़ का खजाना खाली हो रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर पूरे प्रदेश में पड़ेगा। देश के इतिहास में पहली बार 31 मार्च को सभी कामों के बिल रूक गए। तत्कालीन रमन सरकार ने जिस तेजी से बीजापुर समेत समूचे राज्य में विकास को गति दी थी, ये अब थम गई है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकट ने कहा कि जो सरकार नमक और चना तक गरीबों को मुहैया नहीं करा पा रही है, उससे लोग और क्या अपेक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ही एक ऐसे नेता हैं जो देश को सम्मानपूर्वक चला सकते हैं। दुनिया में उनकी कूटनीति की जीत हुई है। उनका लोहा सभी देशों ने माना है।



एक टिप्पणी भेजें