बीजापुर @ खबर बस्तर। छग के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा को अफवाह फैलाने में माहिर करार देते कहा कि चावल, चना और नमक तीनों गरीबों को दिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नक्सल समस्या का हल बातचीत से ही संभव हो पाएगा।

यहां बस्तर संसदीय सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए सीएम भूपेश बघेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा ने 596 करोड़ के जहाजों को 1600 करोड़ रूपए में क्यों खरीदा और इसकी जांच संयुक्त संसदीय समिति से क्यों नहीं करवाई।
मुख्यमंत्री बघेल ने राफेल डील पर सवाल करते कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ये नहीं बता पा रहे हैं कि अंबानी को उन्होंने 30 हजार करोड़ रूपए क्यों दिए?
छत्तीसगढ़ में गरीबों को नमक और चना नहीं दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस के राज में एक परिवार को प्रति व्यक्ति 7 किलो के मान से चावल दिया जा रहा है। घर में 10 सदस्य होंगे तो उस परिवार को 70 किलो चावल मिलेगा।
सीएम ने कहा कि जहां तक चना और नमक की बात है, इसे दिया जाएगा। भाजपाई चुनावी नफे के चक्कर में ये अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन अधिकार कानून के तहत 2005 से जंगल में काबिज लोगों को पट्टा दिया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें