बीजापुर @ खबर बस्तर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने जिले में लोक सभा चुनाव की तैयारियों को संतोषप्रद बताते कहा कि कोई खामी नहीं है। विस चुनाव के मुकाबले कम फोर्स की बात को टालते उन्होंने कहा कि फोर्स कम नहीं काफी है।
यहां कलेक्टोरेट में पत्रकारों से चर्चा में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने कहा कि वे यहां तैयारियों का जायजा लेने आए थे और ईवीएम, वीवीपैट एवं स्ट्रॉंग रूम का उन्होंने मुआयना किया। थोड़ी बहुत कमी थी, उसे पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल चुनाव की पूरी तैयारी है। ईवीएम और वीवीपैट चेक किए जा रहे हैं और इसके लिए इंजीनियर भी आ गए हैं।
सीईओ सुब्रत साहू ने स्वीकार किया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में नक्सलवाद चुनौती है। उन्होंने लोगों से बगैर दबाव व भय के मतदान की अपील करते कहा कि शांतिपूर्ण मतदान की उम्मीद है।
Read More : नक्सली इलाके में कांग्रेसियों का केम्पैन, बैज बोले- झूठी और जुमलेबाज सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर चिंता की बात नहीं है। विस चुनाव में पिछले विस चुनाव के मुकाबले 10 से 15 फीसदी पोल परसेंट बढ़ा था। पत्रवार्ता के दौरान कलेक्टर केडी कुंजाम भी मौजूद थे।
संवादहीनता के चलते हुई दिक्कत: गंगालूर एवं अन्य स्थानों पर विधानसभा चुनाव के दौरान मीडियाकर्मियों को पास होने के बावजूद मतदान केन्द्र परिसर में घुसने नहीं दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। संवादहीनता के कारण ऐसा हुआ होगा। उन्होंने कलेक्टर केडी कुंजाम से भविष्य में ऐसी समस्या ना आने देने की बात कही।


एक टिप्पणी भेजें