पंकज दाऊद @ बीजापुर। जिले के सभी 245 केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है और लोक सभा चुनाव के दौरान माओवादी हलचल समेत इलाके की भौगोलिक विषमता के मद्देनजर 85 दलों को हेलीकॉप्टर से भेजने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक जिले में 245 मतदान केन्द्र हैं और इनमें से सभी संवेदनशील केन्द्रों की श्रेणी में आते हैं। इनमें से 129 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। बताते हैं कि 11 अपै्रल को मतदान होना है और मतदान कर्मियों को कलेक्टोरेट परिसर में 7 अपै्रल को ही आमद देने बुला लिया गया है।
8 अप्रैल से दलों की रवानगी शुरू हो जाएगी। दस अप्रैल तक सभी दलों को बूथ में पहुंचना जरूरी है। दल में पीठासीन अधिकारी के अलावा तीन मतदान अधिकरी होंगे। इनके अलावा 20 फीसदी रिजर्व दल होंगे। इन सभी को चुनाव तक कलेक्टोरेट परिसर में रहना होगा। इनके लिए रूकने की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर केडी कुंजाम एवं जिला पंचायत के सीईओ डी राहूल वेंकट ने शनिवार की दोपहर इंतजामात का जायजा लिया। मतदान कर्मियों को जाने से पहले ईडीसी यानि इलेक्शन ड्यूटी सर्टिंफिकेट दिए जा रहे हैं। उनकी ड्यूटी जहां होगी, वे वहीं मतदान करेंगे।
पुलिस के जवान पोस्टल बैलेट से वोट डालेंगे। कर्मियों को मदद या जानकारी के लिए कलेक्टोरेट में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है।
नवीन कन्या माध्यमिक शाला बीजापुर में दिव्यांग मतदान केन्द्र बनाया गया है। इनमें सभी कर्मी दिव्यांग होंगे। इनके अलावा कुछ केन्द्रों को मॉडल बूथ बनाया गया है। यहां टेण्ट एवं अन्य सुविधाएं होंगी।
Read More : चुनाव कार्य मे लापरवाही बरतने वाले 2 शिक्षक सस्पेंड... सुकमा कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ने की कार्रवाई!
संगवारी बूथों पर महिलाकर्मियों की ड्यूटी: जिले में एक दिव्यांग एवं दो संगवारी मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कन्या प्राथमिक शाला भैरमगढ़ एवं जनपद पूर्व माध्यमिक शाला में संगवारी केन्द्र होंगे। इनमें सभी कर्मी महिलाएं ही होंगी।
10 बूथों से लाइव वेब कास्टिंग: जिले में दस ऐसे बूथ होंगे, जहां के क्रियाकलाप लाइव होंगे। इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया इस पर निगरानी रखेगा। बीजापुर में आठ व भैरमगढ़ में दो बूथ होंगे। अच्छे नेटवर्क वाले स्थानों पर ही ऐसे बूथों को स्थापित किया गया है ताकि कोई अड़चन ना आ सके।



एक टिप्पणी भेजें