∎ बीजापुर जिले के 42 गांव शामिल होंगे दंतेवाड़ा जिले में ∎ ग्राम सभा में प्रस्ताव हो गया पास, कमिश्नर को भेजा गया प्रपोजल
बीजापुर @ पंकज दाऊद। प्रशासनिक और भौगोलिक दृष्टिकोण के अलावा लोगों की सहुलियत के मद्देनजर बीजापुर जिले के 42 गांवों को दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लाॅक में शामिल करने का प्रस्ताव है। इधर दंतेवाड़ा के भी तीन गांवों को इसी दृष्टिकोण से बीजापुर जिले में शुमार किए जाने का प्रपोजल है। इन गांवों से पहले ही ग्राम सभा में ये प्रस्ताव पास हो गया है।
इस आशय का एक प्रस्ताव जून में कलेक्टर डाॅ अय्याज तंबोली ने आयुक्त बस्तर को भेजा है। सूत्रों के मुताबिक 5331.755 हेक्टेयर भूमि इस प्रकार बीजापुर से दंतेवाड़ा जिले को चली जाएगी और 4967 लोग दंतेवाड़ा के बाशिंदे कहलाएंगे। बीजापुर के भैरमगढ़ ब्लाॅक की कोशलनार पंचायत के कोशलनार, तुषवाल पंचायत के तुषवाल, आदेवाड़ा, कोहकावाड़ा, तोड़मा, बुड़दमू, पदनार, सेहरामेटा, वाडिज, कोहकाचल, कोहकामेटा, कामड़गू, जारे, निराली, आदेर, नयानार, कोरीबेड़ा, डुडुम, कुपारी, कोर्रा, कोहकापाल, कुकाड़ी, गोटमेर, बाकेली, मटासी, इरपानार, पुषबाका, तुर्रेवाया, पिकमोहनार, तुर्री उर्फ पोरोवाया, कुपासी एवं कोण्डलाजी, मंगनार पंचायत के मंगनार, गुफा एवं बोधघाट, बेंगलूर पंचायत के बेंगलूर, सडार, कोयम, इतालकुडुम, तुण्डेर व कटोली तथा डारापाल पंचायत के सुरोखी गांव को दंतेवाड़ा जिले में दिए जाने का प्रस्ताव है। इनमें से 21 गांव वीरान हैं।
जानिए क्या है वजह : दरअसल, भैरमगढ़ ब्लाॅक मुख्यालय से इन गांवों की दूरी 70 से 100 किमी है, जबकि दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लाॅक मुख्यालय से इनकी दूरी महज 30 से 40 किमी है। दूरी के चलते सरकारी कामकाज में इससे असुविधा होती है। वहीं आम लोगों को भी परेशानी होती है। बताया गया है कि दंतेवाड़ा जिले के बोदली, फुण्डरी व फरसमंदूर को बीजापुर जिले में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

एक टिप्पणी भेजें