महफूज़ अहमद @ दंतेवाड़ा। बस्तर के बीहड़ों में नक्सलियों से लोहा ले रहे पैरा मिलिट्री के जवान अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी बखूबी कर रहे हैं। रविवार को जवानों की ऐसी तस्वीर लोगों के सामने आई, जो एक नज़ीर बन गई। सीआरपीएफ के जवानों ने बुखार से पीड़ित एक आदिवासी महिला को अपने कंधे पर स्ट्रक्चर में लिटाकर 10 किमी का दुर्गम रास्ता तय कर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान जवानों को घनघोर जंगल, पहाड़ी नालों और पथरीले रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। जवानों की यह कोशिश इस मायने में भी खास है कि उन पर चारों ओर से नक्सली हमले का खतरा था। फिर भी उन्होने अपने जान की परवाह किए बिना मानवता के कार्य को अंजाम देना ज्यादा मुनासिब समझा।
जानकारी के मुताबिक जिले के कटेकल्याण में तैनात सीआरपीएफ 195 बटालियन के जवान रविवार को नक्सल आपरेशन के तहत नयानार के जंगलों में सर्चिंग पर निकले थे। तभी रास्ते मे जवानों ने देखा कि एक महिला बीमार हालत में पड़ी है। जवानों ने पूछताछ की तो पता चला कि उस महिला का नाम कोसी है, जो पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित है। कोसी की हालत इतनी खराब थी कि वो न तो चल पा रही थी और न ही ठीक से बात कर पा रही थी। आसपास के लोगों ने बताया कि उसके घर पर 3 मासूम बच्चों के अलावा ऐसा कोई नहीं है जो उसे अस्पताल तक पहुंचा सके। यह सुनकर जवानों ने बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने का फैसला लिया।
जवानों ने फौरन बांस का एक अस्थाई स्ट्रेक्चर बनाया और उस पर महिला को बैठाकर अस्पताल की ओर चल पड़े। चूंकि इस इलाके में मोबाइल नेटवर्क नहीं था तो वायरलेस की मदद से 108 एम्बुलेंस को कॉल कर यहां से 10 किमी दूर गाटम तक बुलाया गया। लेकिन जवानों के लिए नयानार से गाटम तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था। घने जंगल के बीच चट्टानों, पहाड़ों और नदी-नालों को पार करते हुए जवान कोसी को सुरक्षित लेकर गाटम पहुंचे।
यहां पहले से मौजूद 108 वाहन में महिला को बैठाकर कटेकल्याण के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां जवानों की मदद से पीड़िता को बेहतर इलाज मिल सका। जवान अपने साथ कोसी के बच्चों को भी लेकर आए थे। जवानों ने नक्सली क्षेत्र में अपने जान की परवाह किए बिना मानवता के कार्य को अंजाम दिया जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।





एक टिप्पणी भेजें