बीजापुर @ खबर बस्तर। प्रदेश के वनमंत्री महेश गागड़ा के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का उनसे लगातार मोहभंग हो रहा है। आज नैमेड़ में आयोजित कांग्रेस की किसान रैली में पहुंचे 11 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। ये कार्यकर्ता भैरमगढ़, भोपालपटनम और बीजापुर क्षेत्र में वर्षों से भाजपा के लिए सक्रिय रूप से जुड़े थे, लेकिन गागड़ा की बेरूखी के चलते इन्होंने कांग्रेस से हाथ मिलाने में ही भलाई समझी।
बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम मंडावी, नीना रावतिया, अजय सिंह के समक्ष इन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में विधिवत रूप से प्रवेश कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने मंच पर इन्हें फूल माला से स्वागत कर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कहीं भारी न पड़ जाए बेरूखी: बीजापुर के जमीन से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंत्री बनने के बाद गागड़ा केवल खास लोगों से ही घिरे रहते हैं। आम कार्यकर्ताओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। राजधानी में कभी उनसे मिलने जाने पर कार्यकर्ताओं के लिए उनके पास वक्त तक नहीं रहता। बंगले पर घंटों इंतजार करने के बाद भी मंत्री जी अपने कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं हो पाते। ऐसे में पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता महेश गागड़ा से लगातार नाराज चल रहे हैं और उनके पार्टी छोड़कर जाने का दौर बदस्तूर जारी है। अगर ऐसे ही हालत बने रहे तो गागड़ा के लिए अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।


एक टिप्पणी भेजें