गणेश मिश्रा @ बीजापुर। इन दिनों देश के अलग अलग प्रान्तों से पत्रकारों की हत्या की खबरें अखबारो की सुर्खियां बनी हुई है। लोग इन घटनाओं की निंदा भी कर रहे हैं, परंतु बस्तर में तो हालात और भी भयावह हैं। नक्सलवाद और सुरक्षाबलों के बीच यहां के पत्रकार किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर अपना कर्तव्य निभा रहे है, यह किसी से छुपा नहीं है।
बस्तर के बीहड़ों में दोधारी तलवार के बीच अपने जान की परवाह किए बिना कार्य कर रहे पत्रकारों को अब सुरक्षाबल के अधिकारी वायरलेस सेट पर ही डेथ वारंट जारी कर रहे हैं। 'खबर बस्तर डॉट कॉम' के हाथ ऐसा आॅडियो हाथ लगा है, जिसमें फोर्स ने वायरलेस सेट में पत्रकारो के लिए सीधे डेथ वारंट जारी कर जान से मार देने का फरमान जारी कर दिया है। इस आडियो के सामने आने के बाद पत्रकारो में भय के साथ साथ आक्रोश का वातावरण बन गया है। बस्तर के पत्रकार गुरूवार को धरना प्रदर्शन कर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
दरअसल, बीजापुर से दक्षिण बस्तर के पांच पत्रकारो का एक दल 27 जुलाई 2017 को तेलंगाना की सीमा से लगे पुजारी कांकेर स्थित पांडव पर्वत की स्टोरी करने पुजारी कांकेर के लिए निकला हुआ था। रास्ते में तेज बारिश के चलते यह दल 27 के बजाय 28 जुलाई को पुजारी कांकेर पहुंचकर स्टोरी करने के बाद 29 जुलाई को लौट आया था। इसी बीच 30 जुलाई को खबर मिलती है की पत्रकारों का दल जब रवाना हुआ तो उसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा वायरलेस सेट में एक सन्देश पास किया गया था, जिसमे पत्रकारों को देखते ही मार देने का आदेश दिया गया था। यह आॅडियो पत्रकारों के एक शुभचिंतक ने खुद की पहचान छुपाने की शर्त पर मुहैया कराया।
41 सेकेण्ड के इस ऑडियो में सुरक्षा बल का एक अधिकारी अपने जवान को वायरलेस सेट पर आदेश दे रहा है की अगर उधर कोई भी पत्रकार जाता है तो उसे सीधे मरवा देना। इस आडियो के सुनने के बाद तो उन सारी बातो से पर्दा उठ गया, जिनमे पुलिस पत्रकारो को अपना मित्र, विकास में सहभागी, समाज का आइना बताने से परहेज नहीं करती है। इस ऑडियो के सामने आने से समूचे बस्तर में पत्रकारों की सुरक्षा हाशिये पर नजर आ रही है।
एक ओर नक्सली बस्तर में पत्रकारों को पुलिस का मुखबिर बताकर हत्या कर रहे है और दूसरी तरफ पुलिस भी पत्रकारो को नक्सल सहयोगी बताकर जनसुरक्षा अधिनियम के तहत जेल भेजने और प्रताड़ित करने में कमी नहीं कर रही है। अब तक बस्तर में कार्य कर रहे दो पत्रकार साईं रेड्डी और नेमीचंद जैन की नक्सली पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर चुके है, जबकि दूसरी ओर नक्सली सहयोगी बताकर बस्तर के ही पत्रकार प्रभात सिंह, संतोष यादव, सोमारू नाग और लिंगाराम कोडोपी को जनसुरक्षा अधिनियम के तहत जेल भेज चुकी है। नक्सलवाद और पुलिस के बीच दो धारी तलवार पर बस्तर में काम कर रहे पत्रकारो के लिए अब सुरक्षाबलों का यह ऑडियो किसी भयानक सपने से कम नहीं है।
उच्च स्तरीय जांच हो, दोषियों को हो सजा: डीआईजी
इस मामले में सीआरपीएफ के डीआईजी आलोक अवस्थी का कहना है कि अगर यह ऑडियो सही है तो मैं डीआईजी होने के नाते इसकी घोर निंदा करता हूँ, इस सभ्य समाज में ऐसी घटनाओ के लिए कोई जगह नहीं है और न ही हमें ऐसी घटनाओ को बढ़ावा देना चाहिए। इसीलिए इस मामले में उच्चस्तरीय जांच होना चाहिए और इसमें जो भी दोषी है उन्हें सजा मिलनी चाहिए। क्योंकि यह पत्रकारो से जुड़ा हु गंभीर मामला है वो भी जान से मार देने का आदेश। डीआईजी का कहना है की वे अभी यह नहीं कह सकते की आडियो में जो आवाज है वह सीआरिपीएफ का है या फिर जिला पुलिस अथवा कोबरा का इसीलिए इस मामले में ऑडियो की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और इस मामले में वे पत्रकारो को पूरी तरह सहयोग करने को तैयार है।
वायरलेस सेट पर अधिकारी और जवान के बीच बातचीत के अंश: वॉइस-1
वो नक्सली तो नहीं है? इधर कोई घटना वटना करने आया हो..देख लो कौन है? क्या है?.. तस्दीक कर लो..उसके बाद सब लिखा पढ़ी बन जाती है...देख लेना...समझे..और उधर सब सम्हाले रहना..सब छोटी बड़ी फ़ोर्स इधर उधर पर है..हाई एलर्ट रहना..और उधर से कोई पत्रकार...जो है..मतलब जो नक्सलियों को कव्हर करने जाएगा..उसको सीधा मरवा देना...समझ गए
वॉइस-2
रॉजर सर ..रॉजर सर..वो कल एक....ठीक है..ओके


एक टिप्पणी भेजें