जयंत कुमार रंगारी @ अंतागढ़। बस्तर के बीहड़ों में सक्रिय नक्सली फोर्स के जवानों के साथ गोरिल्ला वार करने के साथ ही अब मनोवैज्ञानिक लड़ाई भी लड़ रहे हैं। नक्सलियों ने अंतागढ़ क्षेत्र में पर्चे फेंककर एसएसबी के जवानों से कहा है कि वे उनके दुश्मन नहीं हैं, बल्कि उनकी लड़ाई फोर्स के बड़े अफसरों से है। गोंडबिनापाल एसएसबी कैम्प के पास नक्सलियों ने यह पर्चे फेंके है, जिसमें माओवादियों ने भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी और एसएसबी के अधिकारियों के बीच साठगांठ का आरोप लगाया है।
पर्चे में कहा गया है कि कोसोरोंडा में लगने वाला एसएसबी का कैम्प जवानों की सुविधा के लिए न होकर अधिकारियों की कमाई का जरिया है। नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि एसएसबी का अफसर दयानंदन जल्द ही रिटायर होने वाला है, इसलिए वह कैम्प लगाकर इसका कमीशन खाना चाहता है। पर्चे में यह भी कहा गया है कि दयानंदन ने एसएसबी के आईजी मनमोहन सिंह को 40 लाख रूपए दिए हैं। ये रकम एक अन्य निजी कंपनी माडर्न रेफैब भी दे रही है, क्योंकि जल्द ही बीएसपी से उसका कान्ट्रेक्ट खत्म हो रहा है। इसलिए दोनो अफसर मिलकर जल्द से जल्द कैम्प लगवाना चाहते हैं। नक्सलियों ने दावा किया है कि वे इसका सबूत जल्द ही देंगे। पर्चे में नक्सलियों ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ जवानों को माओवादियों का साथ देने की अपील की है।
बता दें कि कुछ दिनों पूर्व बर्रेबेड़ा एसएसबी कैम्प में रावघाट प्रोजेक्ट में रेल लाइन विस्तार और नए कैम्प लगाने को लेकर बैठक हुई थी, जिसमे बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा, कांकेर डीआईजी रतनलाल डांगी व कांकेर एसपी, एसएसबी के डीआईजी मनमोहन सिंह, बीएसएफ के कमांडेंट के अलावा कांकेर कलेक्टर टामान सिंह सोनवानी सहित वन विभाग, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय, सीएसईबी सहित जिले के सारे बड़े आला अधिकारी मौजूद थे। इस अहम बैठक के बाद से ही नक्सली सकते में हैं। रविवार को उन्होने कोटवार की हत्या कर दी थी। अब इस पर्चे के जरिये जवानों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश नक्सलियों ने की है।


एक टिप्पणी भेजें