दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। शारदीय नवरात्र के मौके पर दंतेवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह ने जिला अस्पताल के लिए डायलिसिस मशीन की सौगात दी थी। करीब महीने भर में मशीन का पूरा सेटअप करने के बाद जिला अस्पताल में इस सेवा की शुरूआत अब कर दी गई है। इस सुविधा का लाभ लेने दूसरे शहरों के चक्कर काटने वाले मरीजों को अब राहत मिलेगी।
शनिवार को पहले दिन दंतेवाड़ा निवासी अजय सिंह को सुविधा दी गई। मरीज ने बताया कि पिछले पांच महीने से जगदलपुर के एक अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा है। जहां हर महीने दो बार जाना पड़ता है। लेकिन अब जिला अस्पताल में सुविधा मिलने से बार-बार जगदलपुर नहीं जाना पड़ेगा।
दूसरे शहर जाने की नहीं पड़ेगी आवश्यकता : सीएमएचओ डॉ एचएल ठाकुर ने बताया कि जिला अस्पताल में शुरू हुई इस सुविधा का लाभ पहले दिन दो मरीजों को दिया गया। अब तक मरीज जगदलपुर के एक निजी अस्पताल, रायपुर या विशाखापट्टनम जाया करते थे। लेकिन अब दूसरे शहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल इसकी फीस निर्धारित नहीं की गई। जैसे-जैसे मरीजों को यहां लाभ मिलना शुरू होगा व संख्या बढ़ती जाएगी, इसके बाद समिति फीस तय करेगी। लेकिन अन्य अस्पतालों के मुकाबले बेहद कम फीस पर यहां इलाज संभव होगा। बता दें कि पूरे संभाग भर में जगदलपुर के बाद अब दंतेवाड़ा में सेवा शुरू कर दी गयी है।


एक टिप्पणी भेजें