कोंटा @ ओलम नागेन्द्र। मरईगुड़ा पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस पार्टी ने तेलंगाना के 4 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल व आॅटो समेत भारी मात्रा में आईईडी बनाने में उपयोग होने वाला विस्फोटक भी बरामद किया है।
मरईगुड़ा पुलिस ने किया नक्सलियों के तेलंगाना कनेक्शन का पर्दाफाश
'खबर बस्तर डॉट कॉम' से मामले की पुष्टि करते सुकमा एडीशनल एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि आज सुबह मरईगुड़ा पुलिस ने गोलापल्ली मार्ग पर पोटाकेबिन के पास से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तेलंगाना के रहने वाले उक्त चारों युवक बरला सुरेश, के श्रीनू, नक्का अनिल व कोमरम अर्जुन आज सुबह नक्सलियों के लिए विस्फोटक ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम ने इन्हें धर-दबोचा।
आरोपियों के पास से पुलिस ने जब्त किया आईईडी बनाने का सामान
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक इससे पहले भी नक्सलियों को विस्फोटक व अन्य सामान की सप्लाई किया करते थे। पुलिस ने इनके पास से एक नग ऑटो, 3 मोटर साइकल, छ: कार्टून में भरा 7200 मीटर कोडेक्स वायर, 500 नग डेटोनेटर, 4 मोबाईल फोन, नक्सली साहित्य समेत अन्य विस्पोटक सामान और 10 हजार रुपए नगद बरामद किया है। खबर लिखे जाने के समय आरोपी युवकों को पुलिस न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।




एक टिप्पणी भेजें